#रायपुर #स्वास्थ्य

*मिशन एड्स सुरक्षा के तहत आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं व परियोजना संचालक ने ली समीक्षा बैठक* *एलएफयू की खोज एवं एआरटी केंद्रों तक लाने के लिए टीआई एनजीओ को दी गई जिम्मेदारी*

रायपुर, 07 जुलाई 2026, आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं एवं परियोजना संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति श्री संजीव कुमार झा ने मिशन एड्स सुरक्षा के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा बैठक लेकर एचआईवी रोकथाम, परीक्षण, उपचार एवं देखभाल से संबंधित कार्यक्रमों की समीक्षा की। अतिरिक्त परियोजना संचालक डॉ खेमराज सोनवानी भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक में श्री झा ने मिशन एड्स सुरक्षा के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी जिलों को समन्वित प्रयास करने व एल एफ यू की खोज एवं एआरटी केंद्रों तक लाने के लिए टीआई एनजीओ को जिम्मेदारी दी गई।

स्वास्थ्य भवन हॉल में आयोजित समीक्षा के दौरान श्री झा ने विशेष रूप से सेकंड 95 लक्ष्य की प्राप्ति, एआरटी लिंकेज को सुदृढ़ करने तथा एलएफयू लाभार्थियों को पुनः उपचार से जोड़ने पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक जिला अपनी उपलब्धियों एवं चुनौतियों का विश्लेषण कर लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करे तथा उसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमण की रोकथाम के साथ-साथ संक्रमित व्यक्तियों को समय पर जांच, उपचार एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए एआरटी केंद्रों, आईसीटीसी, तथा टीआई एनजीओ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों व बेहतर समन्वय से ही एचआईवी नियंत्रण के लक्ष्यों को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सकता है। बैठक में श्री झा ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के एड्स नियंत्रण कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सक्षम श्रेणी में आने पर सराहना की। उन्होंने कहा कि संघर्षशील श्रेणी के जिले भी नवाचार, प्रभावी निगरानी एवं समन्वित प्रयासों के माध्यम से सक्षम तथा आगे चलकर सुरक्षित जिला बनने की दिशा में ठोस कदम उठाएं।




 बैठक में डेटा की गुणवत्ता सुधारने, समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने, इंडेक्स टेस्टिंग को बढ़ावा देने तथा एचआईवी और टीबी कार्यक्रमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच, एआरटी सेवाओं से जोड़ने तथा एचआईवी एक्सपोज्ड बच्चों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।  आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं ने सभी जिलों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए विशेष प्रयास करने, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा मिशन एड्स सुरक्षा के माध्यम से एचआईवी संक्रमण की रोकथाम एवं प्रभावित व्यक्तियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य के निर्देश दिए। 

समीक्षा बैठक में कार्यक्षेत्र की अद्यतन स्थिति, सामान्य जनसंख्या, उच्चए जोखिम समूह एवं गर्भवती महिलाओं के एचआईवी परीक्षण की प्रगति, एचआईवी पॉजिटिव मामलों की स्थिति, इंडेक्स टेस्टिंग, एआरटी लिंकेज, ऑन-एआरटी लाभार्थियों, एलएफयू (लॉस्ट टू फॉलोअप) मामलों, एमआईएस डेटा प्रबंधन तथा एचआईवी-टीबी समन्वय गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके अलावा पिछले 24 महीनों में एचआईवी संक्रमित पाई गई गर्भवती महिलाओं, उनके एआरटी लिंकेज, वायरल लोड सप्रेशन तथा एचआईवी एक्सपोज्ड बच्चों की विभिन्न चरणों में की गई जांच एवं उनकी स्थिति का भी आकलन किया गया साथ ही प्रतिभागियों को व्यवस्थित डाटा एंट्री के लिए सोच पोर्टल का प्रशिक्षण भी दिया गया। बैठक में राज्य कार्यक्रम अधिकारी,दिशा के अधिकारी व सभी जिलों के आईसीटीसी काउंसलर, लैब टेक्नीशियन उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *