#बिलासपुर #समाज

महिला संवाद एवं सशक्तीकरण कार्यक्रम “चाय पर चर्चा” का सफल आयोजन महिलाओं ने साझा किए विचार, सामाजिक जागरूकता और आत्मविकास पर हुई सार्थक चर्चा

बिलासपुर, 21 जून 2026। महिलाओं के मध्य संवाद, विचार-विमर्श एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “महिला संवाद एवं सशक्तीकरण कार्यक्रम – चाय पर चर्चा” का आयोजन शनिवार को होटल रीति रिवाज, सिपत चौक, बिलासपुर में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता कर अपने विचार साझा किए तथा सामाजिक और व्यक्तिगत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायी मंच उपलब्ध कराना था, जहाँ वे अपने अनुभवों और विचारों का आदान-प्रदान कर नई संभावनाओं की ओर अग्रसर हो सकें। कार्यक्रम का मूल संदेश “आइए, संवाद करें – विचार साझा करें – नई संभावनाओं की ओर बढ़ें” रहा।मुख्य वक्ता के रूप में भारवी वैष्णव ने महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सहभागिता और मातृशक्ति की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आत्मविश्वास, शिक्षा और सामाजिक नेतृत्व को महिलाओं की प्रगति के प्रमुख आधार बताया।

विशिष्ट वक्ता रसिका पाण्डेय ने महिलाओं की अभिव्यक्ति, जागरूकता और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संवाद और सहभागिता से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।कार्यक्रम में अभिभावक के रूप में उपस्थित विभाग प्रचारक श्री गणेश जी ने “राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि सशक्त, जागरूक और संस्कारित मातृशक्ति ही सशक्त समाज एवं राष्ट्र की आधारशिला है।

उन्होंने परिवार और समाज में महिलाओं की निर्णायक भूमिका को रेखांकित करते हुए माताओं को राष्ट्र के भविष्य के निर्माण की प्रमुख शक्ति बताया।कार्यक्रम का सफल संचालन गर्गी फाउंडेशन की अध्यक्ष बिंदु सिंह कछवाहा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामाजिक जागरूकता, संवाद और सहयोग के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *