#रायपुर #स्वास्थ्य

एचआईवी के प्रति जागरूकता के लिए कला दलों का दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण का हुआ शुभारम्भ**19 जिलों के कलादलों ने की सहभागिता, गांव-गांव में चलाया जाएगा जनजागरूकता अभियान

23 जून 2026/एचआईवी संक्रमण की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा ठाकुर प्यारेलाल राज्य प्रशिक्षण संस्थान, निमोरा में कलादलों एवं मीडिया प्रभारियों के दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण में राज्य के 19 जिलों से आए कला दलों, मीडिया प्रभारी, तथा टार्गेटेड इंटरवेंशन (टीआई) एनजीओ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कला दल के माध्यम से एच आई वी रोकथाम के लिए गांव गांव में जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त परियोजना निदेशक डॉ. खेमराज सोनवानी ने किया। उन्होंने कहा कि कला और लोकसंस्कृति जनसंचार के प्रभावी माध्यम हैं। कला दल अपनी प्रस्तुतियों के जरिए एचआईवी संबंधी सही जानकारी लोगों तक सरल और रोचक ढंग से पहुंचा सकते हैं। इससे समाज में जागरूकता बढ़ेगी और संक्रमण की रोकथाम में मदद मिलेगी। डॉ. सोनवानी ने कहा कि एचआईवी के प्रति जागरूकता ही संक्रमण से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

लोगों को समय पर एचआईवी जांच कराने, उपचार से जुड़ने तथा संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि कला दल इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।प्रशिक्षण के दौरान प्रभारी संयुक्त संचालक आईईसी द्वारा राज्य में एचआईवी संक्रमण की वर्तमान स्थिति, संक्रमण के प्रमुख कारणों तथा रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे एचआईवी जागरूकता पर आधारित प्रभावी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तैयार करें, ताकि संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। इस अवसर पर कला दलों द्वारा एचआईवी जागरूकता विषयक लघु नाटिकाओं का प्रदर्शन भी किया गया। अतिरिक्त परियोजना निदेशक ने प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उन्हें और अधिक प्रभावी एवं जनसरोकारों से जोड़ने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। प्रशिक्षण के माध्यम से कला दलों और मीडिया प्रभारियों को समुदाय स्तर पर जागरूकता अभियान संचालित करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं कौशल प्रदान किए जा रहे हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *