#रायपुर #स्वास्थ्य

*एचआईवी/एड्स अधिनियम 2017 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु परिवहन विभाग और राज्य एड्स नियंत्रण समिति की समन्वय बैठक आयोजित

*रायपुर, 27 जुलाई 2026/छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं श्री संजीव झा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य भवन, रायपुर में परिवहन विभाग (आरटीओ) के अधिकारियों के साथ एचआईवी/एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनजागरूकता गतिविधियों के विस्तार के उद्देश्य से एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अतिरिक्त परियोजना संचालक डॉ. खेमराज सोनवानी ने की। बैठक में परिवहन विभाग के आयुक्त कार्यालय के अधिकारियों का विशेष सहयोग रहा। बैठक में एचआईवी/एड्स अधिनियम, 2017 एवं राज्य की एचआईवी/एड्स नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, एचआईवी प्रभावित व्यक्तियों के अधिकारों के संरक्षण तथा विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों विभागों ने एचआईवी जागरूकता, भेदभाव एवं कलंक को समाप्त करने तथा प्रभावित व्यक्तियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। एचआईवी/एड्स अधिनियम, 2017 का उद्देश्य एचआईवी से प्रभावित व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा करना तथा भेदभाव को रोकना है।

बैठक में विशेष रूप से परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड ट्रेनिंग रिसर्च सेंटर (आईडीटीआर), रायपुर के प्रशिक्षुओं के बीच एचआईवी/एड्स संबंधी जागरूकता गतिविधियों को बढ़ाने पर सहमति बनी। सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री के व्यापक प्रचार-प्रसार, सघन जागरूकता अभियान चलाने तथा“ब्रेक फ्री इंडिया ” अभियान के व्यापक प्रसार पर बल दिया गया। साथ ही राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) की टोल फ्री हेल्पलाइन 1097 के प्रचार-प्रसार में सहयोग करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में एचआईवी से प्रभावित व्यक्तियों को प्रदान किए जाने वाले बस पास के प्रारूप को सभी जिलों में एक समान करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि लाभार्थियों को सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। जानकारी दी गई कि राज्य के विभिन्न जिलों में अब तक कुल 3,757 बस पास जारी किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त संभाग स्तर पर आरटीओ निरीक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों के लिए एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने हेतु राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा सहयोग प्रदान किए जाने पर भी सहमति बनी। कार्यक्रम में कुल 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया। बैठक में एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, जागरूकता, अधिकार संरक्षण तथा विभागीय समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *