#बिलासपुर #शहर

विश्व पर्यावरण दिवस पर वृहद वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित

समाचार

बिलासपुर, 5 जून 2026/ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कृष्णा पब्लिक स्कूल एवं गार्गी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन तथा हरित भविष्य के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना रहा।इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों तथा गार्गी फाउंडेशन के सदस्यों ने अपनी-अपनी माताओं के नाम पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया। कार्यक्रम में फलदार एवं छायादार वृक्षों के साथ नारियल एवं विद्या के पौधों का रोपण किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहे।कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि मात्र 5 वर्षीय नन्हीं गार्गी ने उत्साहपूर्वक चार पौधे लगाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई पीढ़ी की जागरूकता का संदेश दिया।विद्यालय प्रबंधन ने रोपित पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें नियमित रूप से संरक्षित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जल संरक्षण के महत्व पर भी चर्चा की गई तथा वर्षा जल संचयन और जल के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया गया।

विद्यालय की प्रिंसिपल रुकीं अबसेट ने कहा कि “प्रकृति का संरक्षण केवल एक दिवस का अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति यदि वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।”वाइस प्रिंसिपल रमन मिश्रा ने कहा कि “वृक्ष पृथ्वी के फेफड़े हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण और जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है।”गार्गी फाउंडेशन की अध्यक्ष बिंदु सिंह कच्छवाहा ने अपने संबोधन में कहा, “खूबसूरत प्रकृति ने हमें बहुत कुछ दिया है। अब समय आ गया है कि हम भी एक पौधा लगाकर और उसके संरक्षण का संकल्प लेकर प्रकृति को कुछ लौटाएं। आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

“कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। अतिथियों ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और जल संकट जैसी चुनौतियों का समाधान सामूहिक प्रयासों से ही संभव है तथा वृक्षारोपण और जल संरक्षण इसके प्रभावी उपाय हैं।इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों में सक्रिय योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में विशेष रूप से गार्गी सिंह, हेमा सिंह, राधेश्याम परिहार, रवि साहू, राजेंद्र गुप्ता, पार्षद आंचल दुबे, विकास तिवारी, प्रीति मिश्रा, रश्मि गुप्ता, पूजा सिंह, रानी सिंह, गरिमा सराफ, नीलम चौधरी, रेनू रानी गौतम, चांदनी भारद्वाज, ममता साहू, रेहाना तबस्सुम, डॉ. ज्योति सक्सेना, रेखा सोनवानी, सुधा गुप्ता, विनोद व्यास, महेंद्र जायसवाल एवं आरजे विशाल सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *