#अरपा खास #रायपुर

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अवैध निर्माण का आरोप, तीन साल से कार्रवाई नहीं

रायपुर,10 अगस्त,2026/छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पिरदा-2 साइड-बी में अवैध निर्माण को लेकर रहवासियों ने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि वर्ष 2022 से लगातार शिकायतें किए जाने के बावजूद अब तक किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।रहवासियों के अनुसार कॉलोनी में नियमों के विपरीत निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे कॉलोनी की मूल संरचना एवं सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। इस संबंध में गृह निर्माण मंडल के संभागीय कार्यालय में कई बार लिखित शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत किए गए, लेकिन शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।कॉलोनीवासियों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत के कारण अवैध निर्माण करने वालों को संरक्षण मिल रहा है। उनका कहना है कि अनियोजित निर्माण के चलते सड़क, पार्किंग, जल निकासी जैसी सुविधाओं पर दबाव बढ़ रहा है तथा क्षेत्र की सुव्यवस्थित व्यवस्था प्रभावित हो रही है।स्थानीय रहवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा अवैध निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज कराने के लिए बाध्य होंगे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *