एचआईवी/एड्स रोकथाम में पुलिस एवं सशस्त्र बलों की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉ. खेमराज सोनवानी
30 जुलाई 2026/छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति (CGSACS) द्वारा नवीन स्वास्थ्य भवन, नवा रायपुर में पुलिस विभाग एवं सशस्त्र सेना बल के अधिकारियों के लिए एचआईवी/एड्स तथा एचआईवी/एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 विषय पर एक दिवसीय संवेदीकरण बैठक आयोजित की गई।अतिरिक्त परियोजना संचालक डॉ. खेमराज सोनवानी ने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता, संवेदनशीलता और समय पर जांच एवं उपचार आवश्यक हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपने कार्यस्थलों पर एचआईवी, टीबी और हेपेटाइटिस के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संक्रमित व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।संयुक्त संचालक (आईईसी) सुश्री भाग्यश्री वर्मा ने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है तथा पुलिस विभाग जनजागरूकता और भेदभाव-मुक्त वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।बैठक में एचआईवी संक्रमण के कारण, बचाव, जांच, उपचार सेवाओं, एआरटी, एचआईवी/एड्स अधिनियम 2017 के प्रावधानों तथा संक्रमित व्यक्तियों के अधिकारों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एड्स हेल्पलाइन 1097 एवं ‘ब्रेक फ्री’ डिजिटल प्लेटफॉर्म के बारे में भी बताया गया।कार्यक्रम में डीआईजी प्रशिक्षण सुदीप कुमार, 21वीं बटालियन के अधिकारी, विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारी, मेडिकल स्टाफ तथा राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने एचआईवी रोकथाम एवं अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर अपने सुझाव भी साझा किए।



















