#रायपुर

रायपुर स्टेशन पर लगेंगी छह प्लास्टिक बोतल क्रशर मशीनें

रेल मंडल ने प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन के लिए रायपुर रेलवे स्टेशन पर छह प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीनें लगाने की योजना बनाई है। इन मशीनों से यात्रियों द्वारा इस्तेमाल के बाद छोड़ी जाने वाली प्लास्टिक बोतलों को स्टेशन परिसर में ही क्रश किया जा सकेगा। इसके बाद क्रश की गई प्लास्टिक सामग्री को पुनर्चक्रण के लिए भेजा जाएगा।

रेल मंडल के अनुसार यात्रियों को यह सुविधा शीघ्र उपलब्ध होने लगेगी। प्लेटफॉर्मों पर मशीनें लगाए जाने से प्लास्टिक बोतलों को खुले में फेंके जाने की समस्या कम करने और स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

चार और स्टेशनों पर विस्तार की योजना

रायपुर स्टेशन के बाद इस सुविधा का विस्तार अन्य प्रमुख स्टेशनों तक करने की योजना है। अगले चरण में दुर्ग, भाटापारा, तिल्दा-नेवरा और भिलाई पावर हाउस स्टेशनों पर भी प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीनें स्थापित करने की तैयारी है।

रेल मंडल के मुताबिक बोतलों के संग्रहण, क्रशिंग और पुनर्चक्रण की व्यवस्था से प्लास्टिक अपशिष्ट को दोबारा उपयोगी संसाधन में बदलने में मदद मिलेगी। इससे स्टेशन परिसरों में प्लास्टिक कचरे की मात्रा कम करने के साथ पर्यावरण पर इसके दुष्प्रभाव को भी घटाने में योगदान मिलेगा।

रेल मंडल ने यात्रियों से प्लास्टिक बोतल और अन्य कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने तथा उपलब्ध होने के बाद क्रशर मशीनों का उपयोग करने की अपील की है

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *