#अरपा खास #बिलासपुर #शहर

रेडियो की सुरीली आवाज़ संज्ञा टंडन के सम्मान में विदाई समारोह का हुआ आयोजन

*बिलासपुर, 2 जुलाई/ आकाशवाणी की लोकप्रिय उद्घोषिका एवं अपनी मधुर वाणी से लाखों श्रोताओं के दिलों में विशेष पहचान बनाने वाली व अरपा कम्युनिटी रेडियो की संस्थापक संज्ञा टंडन जी के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन होटल रीति रिवाज में किया गया। रेडियो प्रसारण के क्षेत्र में लगभग 45 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने वाली संज्ञा जी के सम्मान में आयोजित समारोह में उनके साथी उद्घोषकों ने अपने अनुभव साझा किए और आकाशवाणी को दिए उनके उल्लेखनीय योगदान को याद किया।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में संज्ञा जी ने अपनी आकाशवाणी में बाल कलाकार के रूप में अपनी शुरुआत और रेडियो जीवन से जुड़े अनेक अनुभव साझा किए, उन्होंने कहा की रेडियो एक सशक्त मंच है जहां अपनी आवाज के जरिए संदेश प्रभावी माध्यम से हजारों लोगों तक पहुंचता है, उन्होंने रेडियो से जुड़े नई पीढ़ी को सीख दी की कैसे बदलते दौर में वे आकाशवाणी के साथ पॉडकास्ट के अन्य माध्यमों में भी कार्य कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि संज्ञा जी ने अपनी सहज, प्रभावशाली और आत्मीय प्रस्तुति शैली के माध्यम से रेडियो को केवल सूचना का माध्यम ही नहीं, बल्कि भावनाओं और संवेदनाओं से जोड़ने का कार्य किया है। उनकी आवाज़ वर्षों तक असंख्य श्रोताओं की दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रही है। उनके द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने समाज के विभिन्न वर्गों तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

समारोह में रेडियो प्रसारण क्षेत्र में उनके योगदान,उपलब्धियों और यादगार प्रसारण यात्राओं को भी याद किया गया। इस अवसर पर रेडियो साथियों द्वारा उन्हें स्मृति-चिन्ह भेंट किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ, सुखद और सफल जीवन की कामना की गई। वरिष्ठ उद्घोषक सुनील चिपडे ने कहा कि संज्ञा जी की मधुर वाणी, समर्पण और पेशेवर उत्कृष्टता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरक है। इस अवसर पर पूर्व उद्घोषिका श्रीमती नम्रता वाजपेयी, मीनू सिंह सहित आकाशवाणी के उद्घोषक और किसान वाणी, महिला सभा, युवा जगत के कम्पियर बड़ी संख्या में मौजूद थे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *