#अरपा खास #बिलासपुर

रेडियो की सुरीली आवाज़ संज्ञा जी के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन कल


बिलासपुर, 30 जून/ आकाशवाणी की लोकप्रिय उद्घोषिका एवं अपनी मधुर वाणी से लाखों श्रोताओं के दिलों में विशेष पहचान बनाने वाली वरिष्ठ उद्घोषिका और अरपा कम्युनिटी रेडियो की संस्थापक श्रीमती संज्ञा टंडन जी के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया जा रहा है। रेडियो प्रसारण के क्षेत्र में लगभग चार दशकों से अधिक समय तक अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने वाली संज्ञा जी के सम्मान में आयोजित यह समारोह उनके उल्लेखनीय योगदान को समर्पित होगा। अरपा कम्युनिटी रेडियो के जरिए भी विभिन्न सामाजिक विषयों पर जागरूकता के रेडियो कार्यक्रम का प्रसारण किया जाता है।
यह सम्मान समारोह होटल रीति रिवाज, सीपत चौक, बिलासपुर में 1 जुलाई को आयोजित किया जाएगा, जहां शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। समारोह में आकाशवाणी परिवार के सदस्य , उद्घोषक, कॉम्पियर शामिल रहेंगे।


संज्ञा जी ने अपनी सहज, प्रभावशाली और आत्मीय प्रस्तुति शैली के माध्यम से रेडियो को केवल सूचना का माध्यम ही नहीं, बल्कि भावनाओं और संवेदनाओं से जोड़ने का कार्य किया है। उनकी आवाज़ वर्षों तक असंख्य श्रोताओं की दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रही है। उनके द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने समाज के विभिन्न वर्गों तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विदाई समारोह के दौरान संज्ञा जी के रेडियो प्रसारण क्षेत्र में योगदान, उनकी उपलब्धियों और यादगार प्रसारण यात्राओं को साझा किया जाएगा। साथ ही उनके सम्मान में स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ, सुखद और सफल जीवन की कामना की जाएगी।
आयोजकों ने कहा कि संज्ञा जी की मधुर वाणी, समर्पण और पेशेवर उत्कृष्टता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *