बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM-2026) का भावपूर्ण समापन, 121 बालिकाओं ने सीखे आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के गुर
बिलासपुर, 13 जून 2026/ एनटीपीसी सीपत द्वारा अपनी नैगम सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत आयोजित बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM-2026) का शनिवार को भावपूर्ण समापन हुआ। चार सप्ताह तक चले इस आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल 121 बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नाटक, समूह गीत और प्रदर्शनी के माध्यम से अपने अनुभवों, प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।


समापन समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन किसी भी बालिका के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने और उन्हें हर अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख श्री स्वपन कुमार मंडल ने बताया कि वर्ष 2019 से अब तक 525 बालिकाएं इस पहल से लाभान्वित हो चुकी हैं तथा GEM-2026 के साथ यह संख्या और बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और बड़े सपने देखने का साहस विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

15 मई से प्रारंभ हुए इस अभियान के दौरान बालिकाओं को अंग्रेजी, गणित, कंप्यूटर शिक्षा, संवाद कौशल, आत्मरक्षा, खेलकूद, संगीत, नृत्य, कला एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही करियर मार्गदर्शन, प्रेरक व्यक्तित्वों से संवाद, अंतरिक्ष विज्ञान, अग्नि सुरक्षा तथा जीवन कौशल से जुड़े विशेष सत्र भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बालिकाओं और उनके अभिभावकों के बीच खुशी और भावुकता का अनूठा संगम देखने को मिला। एक माह तक साथ रहकर सीखने वाली बालिकाएं अपने साथियों और प्रशिक्षकों से विदा लेते समय भावुक नजर आईं। यह अभियान बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरकर सामने आया है।

















