#बिलासपुर

केंद्रीय राज्यमंत्रियों ने मूक बधिर शाला परिसर में किया पौधरोपण

समाचार

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुति ने जीता सभी का दिल
बिलासपुर, 10 जून 2026/केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री श्री तोखन साहू के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आज तिफरा स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधित स्कूल परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्रियों ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का एक प्रेरणादायी अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, पूर्व सांसद श्री लखन लाल साहू, श्री दीपक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति से अभिभूत अतिथियों ने उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास की मुक्तकंठ से सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *